Tuesday, July 21, 2026
HomeRaipur News21 जुलाई से 30 जुलाई तक 10 दिवस के लिए पुनः खुलेगा...

21 जुलाई से 30 जुलाई तक 10 दिवस के लिए पुनः खुलेगा पंजीयन पोर्टल – डीसीपी यातायात डॉ. अर्चना झा

ई-रिक्शा एवं ऑटो पंजीयन अभियान को मिला व्यापक प्रतिसाद। अब तक 12,337 वाहनों में लगाए जा चुके हैं QR कोड, शेष चालकों को अंतिम अवसर

रायपुर शहर में ई-रिक्शा एवं ऑटो परिवहन व्यवस्था को अधिक सुरक्षित, व्यवस्थित एवं पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से यातायात पुलिस रायपुर द्वारा संचालित विशेष ई-रिक्शा एवं ऑटो पंजीयन एवं QR कोड अभियान को वाहन चालकों का अच्छा सहयोग प्राप्त हो रहा है।

अभियान के अंतर्गत अब तक 15,047 ई-रिक्शा एवं ऑटो का सफलतापूर्वक पंजीयन किया जा चुका है। इनमें से 12,337 वाहनों में QR कोड भी लगाए जा चुके हैं, जिससे वाहन एवं चालक की जानकारी तत्काल उपलब्ध होने के साथ यात्रियों की सुरक्षा तथा यातायात प्रबंधन को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा।

अब तक पंजीयन करा चुके ई रिक्शा एवं ऑटो में यातायात पुलिस द्वारा यातायात मुख्यालय, कालीबाड़ी, रायपुर में प्रतिदिन QR कोड लगाने का कार्य निरंतर जारी है। इसके बावजूद कुछ ई-रिक्शा एवं ऑटो चालक शहर से बाहर होने अथवा अन्य कारणों से अब तक अपना पंजीयन नहीं करा सके हैं।
इस संबंध में ई-रिक्शा एवं ऑटो संघ के अध्यक्ष एवं पदाधिकारियों द्वारा शेष चालकों को अवसर प्रदान करने का अनुरोध किए जाने पर डीसीपी यातायात डॉक्टर अर्चना झा ने जनहित एवं वाहन चालकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए 21 जुलाई से 30 जुलाई तक 10 दिवस के लिए पंजीयन पोर्टल पुनः खोलने के निर्देश दिए हैं।

यातायात पुलिस द्वारा स्पष्ट किया गया है कि यह शेष ई-रिक्शा एवं ऑटो चालकों के लिए अंतिम अवसर होगा। अतः जिन वाहन चालकों ने अभी तक अपना पंजीयन एवं QR कोड नहीं लगवाया है, वे निर्धारित अवधि में यातायात मुख्यालय, कालीबाड़ी, रायपुर पहुंचकर अनिवार्य रूप से अपना पंजीयन पूर्ण कराएं तथा पूर्व पंजीकृत शेष वाहन पर QR कोड लगवाएं।

डीसीपी यातायात डॉक्टर अर्चना झा ने सभी ई-रिक्शा एवं ऑटो चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित समय-सीमा का पालन करते हुए इस अभियान में सहयोग करें। पंजीयन एवं QR कोड प्रणाली से यात्रियों की सुरक्षा, वाहन की पहचान, शिकायतों के त्वरित निराकरण तथा यातायात व्यवस्था को और अधिक सुगम एवं पारदर्शी बनाने में महत्वपूर्ण सहायता मिलेगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular