Monday, April 6, 2026
HomeUncategorizedरायपुर।* भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता केदारनाथ गुप्ता ने कहा है...

रायपुर।* भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता केदारनाथ गुप्ता ने कहा है कि कांग्रेस जब अपने राजनीतिक वजूद को बचाने की सबसे विफल कोशिश कर रहा है

*रायपुर।* भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता केदारनाथ गुप्ता ने कहा है कि कांग्रेस जब अपने राजनीतिक वजूद को बचाने की सबसे विफल कोशिश कर रहा है, तब छत्तीसगढ़ के कांग्रेसी अपनी पाँच न्याय और 25 गारंटियों के नाम पर सत्ता हासिल करने के मुंगेरीलाल के हसीन सपने सजा रहे हैं। श्री गुप्ता ने कहा कि जिस कांग्रेस ने कभी देश और छत्तीसगढ़ की जनता का भला नहीं सोचा, एक परिवार की परिक्रमा करना ही जिस कांग्रेस का कुलजमा राजनीतिक वजूद रह गया है, वह कांग्रेस चाहे जितने सपने सजा ले, चाहे जितने सब्जबाग दिखा दे, देश की जनता ने अब कांग्रेस पर कतई भरोसा नहीं करने का संकल्प ले लिया है।

 

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता श्री गुप्ता ने कहा कि देश अब केवल ‘मोदी की गारंटी’ पर भरोसा कर रहा है, क्योंकि पिछले 10 साल में देश के हर समाज और हर वर्ग के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सक्षम, सशक्त और सुविचारित नेतृत्व में अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं का सफल क्रियान्वयन हुआ है और देश के साथ-साथ प्रदेश की जनता तक उन योजनाओं का पूरा लाभ भी पहुँचा है। बदलापुर की राजनीति करके केंद्र सरकार की योजनाओं के लाभ से छत्तीसगढ़ की जनता को वंचित रखने का षड्यंत्र करके कांग्रेस की भूपेश सरकार ने अपनी ही पार्टी के किए हुए वादों से गंगाजल की सौगंध खाकर भी जिस तरह मुँह फेरा था, उसकी सजा छत्तीसगढ़ की जनता ने पिछले विधानसभा चुनाव में दी है और अब प्रदेश की भाजपा सरकार मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में मोदी की गारंटी के तहत व्यक्त संकल्पों को 100 दिनों में पूरा करके एक मिसाल कायम कर दी है। श्री गुप्ता ने कहा कि कांग्रेस चाहे जितनी गारंटी दे दे, देश और छत्तीसगढ़ की जनता अब मोदी की गारंटी के साथ है, क्योंकि मोदी की गारंटी का मतलब गारंटी पूरी होने की गारंटी है। कांग्रेस की गारंटी केवल हवा-हवाई जुमलेबाजी है और येन-केन-प्रकारेण सत्ता हासिल करने के स्वार्थ से प्रेरित है। श्री गुप्ता ने कहा कि जिस स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशों की दुहाई देकर एमएसपी को कानूनी गारंटी देने का झाँसा कांग्रेस किसानों को देने में लगी है, वह पहले यह बताए कि इस आयोग की सिफारिशों को कांग्रेसनीत यूपीए की केंद्र सरकार ने सालों तक क्यों दबाए रखा था? महिलाओं को एक लाख रुपए सालाना देने का जो शोर कांग्रेस मचा रही है, उसकी व्याख्या करते समय कांग्रेसियों के मुँह में दही क्यों जम रहा है? कांग्रेस यह क्यों नहीं बताती कि इसके लिए सालाना 50 लाख करोड़ रुपए का इंतजाम कहाँ से होगा जबकि देश का कुल बजट ही इतना होता है। श्री गुप्ता ने कहा कि जाहिर है कि कांग्रेस की गारंटी सिवाय जुमलेबाजी के और कुछ नहीं है। देश के लोगों को तो प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में भविष्य नजर आ रहा है, कांग्रेस अब अपने भविष्य कीचिंता करे कि इस लोकसभा चुनाव के बाद वह कहाँ दिखने वाली है?

 

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता श्री गुप्ता ने कहा कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस में जिस तरह की भगदड़ मची हुई है, अंतर्कलह जिस तरह घमासान की शक्ल ले चुका है, उससे कांग्रेसियों की नींद उड़ी हुई है। यही कारण है कि जब कुछ भी बोलने को कांग्रेसियों के पास नहीं बचा है तो जनता को भ्रमित करने के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय पर कटाक्ष के बहाने “साय भोग” जैसा बयान देकर कांग्रेसी केवल अपनी राजनीतिक कुंठा का प्रदर्शन कर रहे हैं। कांग्रेसी इस बात पर हैरान हैं कि भाजपा सरकार ने सत्ता में आते ही गरीबों के लिए मुफ्त राशन आने वाले पाँच वर्षों तक जारी रखने की घोषणा कर दी। अब गरीबों को भूखे पेट नहीं रहना पड़ रहा है तो हताश-निराश कांग्रेस के लोग अपने कुशासन के दिनों में छत्तीसगढ़ में मचाई गई लूट को याद करके भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार की तोहमत जड़ रहे हैं। जिस कांग्रेस की सरकार ने 600 करोड़ रुपए का पीडीएस घोटाला करके प्रदेश को कंगाल बना दिया, जिस कांग्रेस की भूपेश सरकार केंद्र द्वारा प्रदत्त मुफ्त अनाज में डंडी मारकर भ्रष्टाचार करने में शर्म तक महसूस नहीं हुई, उस कांग्रेस के लोग आज छत्तीसगढ़ की जनता को झूठ परोसकर बरगलाने का शर्मनाक कृत्य कर रहे हैं। श्री गुप्ता ने कहा कि भ्रष्टाचार पर कांग्रेस के लोगों का बयान “सूप बोले तो बोले, चलनी भी बोले, जिसमें बहत्तर छेद” की उक्ति को चरितार्थ करने वाला है। अपने शासनकाल में भ्रष्टाचारियों की संरक्षक रहे कांग्रेसियों के मुँह से भ्रष्टचार पर प्रलाप करना निरा हास्यास्पद है। छत्तीसगढ़ के किसानों, गरीबों, अजा-अजजा वर्ग के लोगों, पिछड़ा वर्ग के लोगों का हक मारने, महादेव एप का घोटाला करके युवाओं के भविष्य को बर्बाद करने और गौधन न्याय योजना तक में घपलेबाजी करके गौमाता को बदनाम करने वाले कांग्रेस आज किस मुँह से भ्रष्टाचार पर कटाक्ष कर रहे हें? कांग्रेस और उसकी भूपेश सरकार का अपने पाँच साल के शासनकाल में ठगी और भ्रष्टाचार करने का शर्मनाक ट्रैक रिकॉर्ड रहा है। जो सबसे बड़े ठग और भ्रष्ट अपने शासनकाल में सिद्ध हुए हैं, वह कांग्रेसी आज ठगी और भ्रष्टाचार की बात करते हैं तो इससे बड़ा राजनीतिक पाखंड कुछ और नहीं हो सकता।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular