Sunday, April 5, 2026
HomeRaj Chakar Newsरायपुर : सांसद बृजमोहन अग्रवाल के प्रयासों से कुम्हारी टोल प्लाजा बंद...

रायपुर : सांसद बृजमोहन अग्रवाल के प्रयासों से कुम्हारी टोल प्लाजा बंद करने समेत राष्ट्रीय राजमार्गों से जुड़े मुद्दों पर त्वरित कार्रवाई

 रायपुर। 1 जनवरी, सांसद बृजमोहन अग्रवाल के निरंतर प्रयासों से कुम्हारी टोल प्लाजा को बंद करने समेत राष्ट्रीय राजमार्गों से जुड़ी कई महत्वपूर्ण मांगों पर अब केंद्र सरकार ने तेजी से कार्रवाई शुरू कर दी है। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने सांसद बृजमोहन अग्रवाल को पत्र लिखकर इन मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए निर्देशित किया है।

बीते शीतकालीन सत्र के दौरान बृजमोहन अग्रवाल ने केंद्रीय मंत्री गडकरी से मुलाकात की थी और कुम्हारी टोल प्लाजा (राष्ट्रीय राजमार्ग-53) को बंद करने की मांग रखी थी, जिसे स्थानीय नागरिकों को हो रही असुविधा के कारण हटाने का प्रस्ताव दिया गया था। इसके अलावा, उन्होंने रायपुर-विशाखापट्टनम एक्सप्रेसवे में अभनपुर-राजिम-गरियाबंद राष्ट्रीय राजमार्ग-130सी पर इंटरचेंज की सुविधा प्रदान करने की भी मांग की थी।

इसके साथ ही, अग्रवाल ने रायपुर के रिंग रोड नंबर 01 (NH-53) के सर्विस रोड को 5 मीटर से बढ़ाकर 11 मीटर करने की सिफारिश की थी। उन्होंने रायपुर रेलवे स्टेशन से नेशनल हाईवे 30 के जंक्शन तक बने एक्सप्रेस हाईवे को भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण को सौंपने का भी प्रस्ताव दिया था।

आगे, अग्रवाल ने राष्ट्रीय राजमार्ग-30 (कमल विहार चौक) और एक्सप्रेस हाईवे-राष्ट्रीय राजमार्ग-30 (शदाणी दरबार) पर ग्रेड सेपरेटर बनाने का भी सुझाव दिया था, जिससे यातायात की सुगमता बढ़े और दुर्घटनाओं की संभावना कम हो।

केंद्रीय मंत्री गडकरी ने इन सभी मुद्दों पर त्वरित कार्रवाई का आश्वासन देते हुए कहा है कि इन प्रस्तावों को संबंधित विभागों को भेज दिया गया है और इन पर प्राथमिकता के आधार पर निर्णय लिया जाएगा।

सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने केंद्रीय मंत्री गडकरी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह कदम रायपुर और छत्तीसगढ़ के लोगों के लिए राहतकारी साबित होगा। उन्होंने विश्वास दिलाया कि वे जनता की समस्याओं को हल करने और विकास कार्यों को गति देने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेंगे।



RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular