
रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए कहा कि ईवीएम को लेकर कांग्रेस के दोहरे मापदंड अब खत्म हो चुके हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने हमेशा झूठ और गलत नैरेटिव तैयार करने का काम किया है। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस ने सत्ता में रहते हुए जनता के हित में कोई ठोस काम नहीं किया, और केवल नारों के बल पर ही अपनी सरकारें चला लीं।
देव ने बुधवार को भाजपा की संगठनात्मक बैठकों के दौरान पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि ईवीएम के मामले में कांग्रेस का दोहरा रवैया स्पष्ट है। कांग्रेस उन चुनावों में कोई आपत्ति नहीं उठाती, जिनमें वह जीतती है, लेकिन जहां वह हारती है, वहां वह ईवीएम और अन्य संवैधानिक संस्थाओं पर आरोप लगा देती है। उन्होंने इसे कांग्रेस का ढोंग करार देते हुए कहा कि अब यह सभी के सामने बेनकाब हो चुका है और अब कांग्रेस का यह झूठ जनता द्वारा पहचान लिया गया है।
संगठनात्मक कार्यक्रमों की समीक्षा और आगामी कार्यक्रमों के संबंध में मार्गदर्शन
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने यह भी बताया कि भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश और प्रदेश प्रभारी व बिहार के कैबिनेट मंत्री नितिन नबीन ने छत्तीसगढ़ में एक दिवसीय प्रवास किया। इस दौरान पार्टी के प्रदेश महामंत्रियों की बैठक हुई, जिसमें आगामी कार्यक्रमों के संदर्भ में चर्चा की गई। बैठक में निगम-मण्डल-आयोग के नव नियुक्त अध्यक्ष/उपाध्यक्षों के साथ परिचयात्मक बैठक आयोजित की गई। इसके साथ ही, राष्ट्रीय संगठन महामंत्री शिवप्रकाश ने समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुँचाने के लिए मार्गदर्शन किया।
इसके अलावा, पार्टी के सात मोर्चों के प्रदेश अध्यक्ष व महामंत्रियों की समीक्षात्मक बैठक हुई, जिसमें आगामी कार्यक्रमों के बारे में चर्चा की गई। उन्होंने 13 अप्रैल से 25 अप्रैल तक प्रस्तावित ‘गांव चलो-बस्ती चलो अभियान’ और डॉ. बाबासाहब भीमराव अंबेडकर जयंती के कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए भी मार्गदर्शन किया।
इस बैठक में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, और विजय शर्मा भी उपस्थित थे।