रायपुर। लोकसभा क्षेत्र के सांसद बृजमोहन अग्रवाल की अध्यक्षता में आज जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (DISHA) की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें जनहित से जुड़े कई अहम मुद्दों पर गहन समीक्षा और मंथन हुआ।
बैठक में पेयजल संकट, मनरेगा, पीएम आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन, कौशल विकास, स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट और पर्यावरण जैसे विषयों पर फोकस किया गया। सांसद ने योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और जनता तक लाभ पहुंचाने की दिशा में अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए।
पेयजल संकट पर चिंता, तालाबों और ट्यूबवेल निर्माण को मिली प्राथमिकता
गर्मी के मद्देनज़र तालाबों के संरक्षण और नए जल स्रोतों के निर्माण को सांसद ने 15 दिन के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिलेभर में 100 ट्यूबवेल और हर गांव में एक कुआं खोदने को भी कहा।
मनरेगा में काम बंद और मजदूरी बकाया पर जताई नाराजगी
धरसीवां व अन्य क्षेत्रों में मनरेगा कार्यों के ठप होने और मजदूरी भुगतान में देरी पर सांसद ने अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई और तत्काल समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
पीएम आवास योजना में तेजी, ज़मीनविहीनों को पट्टा देने की बात
30 सितंबर तक निर्माणाधीन आवास पूर्ण करने का लक्ष्य तय किया गया है। ज़मीनविहीन गरीबों को पट्टा देकर आवास देने की योजना पर काम होगा। बीएसयूपी कॉलोनियों की स्थिति पर भी चर्चा हुई।
रायपुर को स्वच्छ भारत रैंकिंग में टॉप 3 में लाने की तैयारी
सांसद ने वार्डवार सफाई योजना, विज्ञापन बैनरों पर नियंत्रण, और पोस्टर हटाने की रणनीति पर काम शुरू करने के निर्देश दिए।
महिलाओं को मिलेगा कौशल विकास का अवसर
गांव-गांव में स्व-सहायता समूह (SHG) का गठन और सिलाई-कंप्यूटर प्रशिक्षण केंद्र खोले जाएंगे। लंबित पंजीकरणों को प्राथमिकता से स्वीकृति देने को कहा गया।
डंपयार्ड सौंदर्यकरण और गंदे पानी की निकासी पर सख्ती
सकरी और निमोरा में गंदे पानी की निकासी पर रोक लगाने के लिए STP लगाने और डंपयार्ड में पौधारोपण की योजना बनाई गई।
खेल और शिक्षा में नई पहलें
-
खेलो इंडिया के तहत 10 एकड़ में मल्टीपरपज इंडोर स्टेडियम
-
सार्वजनिक शौचालय निर्माण के निर्देश
-
पीएम स्कूलों में जर्जर भवन तोड़ने और मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की पहल
बैठक में शामिल हुए ये प्रमुख जनप्रतिनिधि और अधिकारी
मंत्री टंक राम वर्मा, विधायक राजेश मूणत, अनुज शर्मा, महापौर मीनल चौबे, कलेक्टर गौरव सिंह, कमिश्नर महादेव कावरे, और अन्य वरिष्ठ अधिकारी व जनप्रतिनिधि बैठक में मौजूद रहे।
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा, “हमें मिलकर केंद्र की जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतारना है, ताकि छत्तीसगढ़ को एक विकसित और सशक्त राज्य के रूप में स्थापित किया जा सके।”
