
बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले सहित पांच अन्य जिलों में चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। बालोद पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें से तीन आरोपी चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले हैं, जबकि एक चोरी का सामान खरीदने वाला है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लगभग 30 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण, 90,000 रुपये नकद, दो मोटरसाइकिल और एक कार जब्त की है। गिरोह चोरी की घटनाओं को अंजाम देने के लिए फर्जी नंबर प्लेट लगी बाइक का इस्तेमाल करता था।
जानकारी के अनुसार, गिरोह ने बालोद जिले के गुंडरदेही, देवरी और अर्जुन्दा क्षेत्र में 13 स्थानों पर चोरी की घटनाएं की हैं। इसके अलावा दुर्ग, बेमेतरा और राजनांदगांव जिलों में भी कुल 6 स्थानों पर चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड पहले से मौजूद है, और सभी आरोपी राजनांदगांव और दुर्ग जिलों के निवासी हैं। चोरी के तरीकों से लेकर उनके नेटवर्क तक की जांच जारी है।
बालोद पुलिस अधीक्षक ने टीम को इस सफलता के लिए बधाई देते हुए कहा कि ऐसे आपराधिक गिरोहों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
