Sunday, March 8, 2026
Homeरायपुरबुद्ध पूर्णिमा पर सम्पन्न हुई माँ खारून गंगा की भव्य महाआरती

बुद्ध पूर्णिमा पर सम्पन्न हुई माँ खारून गंगा की भव्य महाआरती

रायपुर। बुद्ध पूर्णिमा के पावन अवसर पर रायपुर स्थित महादेव घाट में माँ खारून गंगा महाआरती का भव्य आयोजन श्रद्धा, भक्ति और दिव्यता के साथ सम्पन्न हुआ। माँ खारून गंगा आरती महादेव घाट समिति द्वारा विगत तीन वर्षों से सतत रूप से आयोजित की जा रही इस दिव्य आरती में इस बार भी हजारों श्रद्धालुओं, सनातन धर्मावलंबियों, समाजसेवियों, साधु-संतों और विद्वान पंडितों ने सायंकाल आरती स्थल पर उपस्थित होकर पुण्यलाभ प्राप्त किया।

इस विशेष अवसर पर रायपुर उत्तर विधानसभा क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक आदरणीय पुरन्दर मिश्रा ने भी आरती में सम्मिलित होकर माँ खारून का आशीर्वाद लिया। उन्होंने आयोजन की सराहना करते हुए इसे धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यावरणीय चेतना से युक्त एक प्रेरणादायक प्रयास बताया।

नदी संरक्षण का लिया गया संकल्प

आरती के दौरान उपस्थित जनसमुदाय ने नदियों की शुद्धता, स्वच्छता और संरक्षण हेतु सामूहिक संकल्प लिया। श्रद्धालुओं ने प्रण किया कि वे माँ खारून सहित समस्त जल स्रोतों की पवित्रता बनाए रखने हेतु सदैव जागरूक और सक्रिय रहेंगे।

प्रतिदिन होती है आरती, संस्कृति और सेवा का प्रतीक

समिति के अध्यक्ष एवं संस्थापक वीरेन्द्र सिंह तोमर ने जानकारी दी कि, “माँ खारून के तट पर प्रतिदिन होने वाली यह आरती केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि यह हमारी संस्कृति, जल संरक्षण और सामाजिक चेतना का प्रतीक है। यह प्रयास भावी पीढ़ियों के लिए एक संस्कारशील और जागरूक धरोहर है।”

आरती स्थल पर दीपों की झिलमिलाहट, मंत्रोच्चार की गूंज और वातावरण में गूंजती भक्ति ने समूचे घाट को आध्यात्मिक ऊर्जा से ओतप्रोत कर दिया। श्रद्धालुओं ने समिति द्वारा की गई व्यवस्थाओं की मुक्तकंठ से सराहना की।

समिति ने जताया आभार

माँ खारून गंगा आरती महादेव घाट समिति ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी सेवाभावी जनों, संस्थाओं एवं उपस्थित श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए यह विश्वास जताया कि इस प्रकार के आयोजन सनातन संस्कृति और पर्यावरणीय चेतना को आगे बढ़ाने में सदैव अग्रणी रहेंगे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular