
जगदलपुर। शहर में कानून-व्यवस्था को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल उठ खड़े हुए हैं। शनिवार देर रात कृष्णा पेट्रोल पंप के सामने दो गुटों के बीच हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में तब्दील हो गया, जिसमें चाकू से हमला किए जाने की पुष्टि हुई है।
वीडियो वायरल, नागरिकों में दहशत
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद के दौरान एक युवक ने अचानक चाकू निकालकर सामने खड़े युवक पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले से बचने के लिए दो युवकों ने भागकर किसी तरह अपनी जान बचाई। पूरी घटना पास से गुजर रहे एक कार सवार ने मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड कर ली, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो चुकी है। वीडियो में हमलावर युवक की हरकतें साफ देखी जा सकती हैं।
पिछली घटना की पुनरावृत्ति?
गौरतलब है कि 12 अप्रैल को दलपतसागर क्षेत्र में भी इसी तरह की चाकूबाजी की वारदात सामने आई थी, जिसमें दो युवक गंभीर रूप से घायल हुए थे। अब एक माह के भीतर शहर में दूसरी बार हुई चाकूबाजी की घटना ने पुलिस की कार्यप्रणाली और गश्त व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
नागरिकों का गुस्सा और मांग
स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों ने बढ़ते अपराधों को लेकर गहरी चिंता व्यक्त की है। उनका कहना है कि:“शहर में अपराधी बेखौफ घूम रहे हैं। पुलिस की गश्त नाकाफी है और घटनाओं के बाद भी ठोस कार्रवाई नहीं होती।”
उन्होंने रात के समय गश्त बढ़ाने, संवेदनशील क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरे लगाने और फास्ट ट्रैक कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस की प्रतिक्रिया
पुलिस सूत्रों के अनुसार, वायरल वीडियो के आधार पर हमलावर की पहचान की जा रही है। संबंधित थाना क्षेत्र में मामला दर्ज कर लिया गया है और सीसीटीवी फुटेज व अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच तेज कर दी गई है।
