
रायपुर। राजधानी रायपुर के रेलवे स्टेशन परिसर में मंगलवार रात उस समय सनसनी फैल गई, जब स्टेशन की पार्किंग एरिया में एक बुजुर्ग व्यक्ति का शव संदिग्ध हालत में पाया गया। शव मिलने की सूचना के बाद यात्रियों और राहगीरों के बीच अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शव रात करीब 9 बजे पार्किंग क्षेत्र में देखा गया। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि शव दोपहर करीब 3 बजे से ही पार्किंग एरिया में पड़ा था, लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया। देर शाम जब राहगीरों ने ध्यान दिया तो तत्काल इसकी जानकारी जीआरपी (Government Railway Police) को दी गई।
सूचना मिलते ही जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची और मर्ग पंचनामा की कार्रवाई करते हुए शव को चीरघर (पोस्टमार्टम हाउस) भेज दिया गया है।
फिलहाल पुलिस द्वारा मृतक की शिनाख्त और मृत्यु के कारणों की जांच की जा रही है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
रेलवे स्टेशन जैसे संवेदनशील क्षेत्र में इस तरह की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जीआरपी ने आश्वासन दिया है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही स्थिति स्पष्ट होगी।
