
रायपुर। साइबर अपराध के खिलाफ छत्तीसगढ़ पुलिस की ऑपरेशन साइबर शील्ड के अंतर्गत एक और बड़ी कार्रवाई सामने आई है। रायपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक अमरेश मिश्रा के निर्देश पर रेंज साइबर थाना रायपुर द्वारा म्यूल बैंक खातों की जांच में तेजी लाई गई है।
थाना सिविल लाइन रायपुर में उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक की शाखा में खोले गए 104 म्यूल अकाउंट के जरिए करीब 36 लाख रुपये की साइबर ठगी दर्ज की गई थी, जिस पर अपराध क्रमांक 44/25 अंतर्गत धारा 317(2), 317(4), 317(5), 111, 3(5) बी एन एस के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया।
अब तक 80 आरोपी गिरफ्तार
प्रारंभिक जांच में म्यूल खाता धारक, उनके संवर्धक, संचालक, सिम कार्ड विक्रेताओं और कुछ बैंक अधिकारियों सहित 80 आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।
ताजा कार्रवाई: 3 मुख्य आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने इस नेटवर्क में सक्रिय रूप से शामिल 3 अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है, जो म्यूल खातों को किराये पर लेकर स्वयं संचालित करते थे और ठगी की रकम को विभिन्न खातों में ट्रांसफर कर उसका उपयोग करते थे। आरोपियों द्वारा प्राप्त की गई राशि अत्यधिक मात्रा में बताई जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी:
-
विनोद भमबानी (उम्र 35) – इंद्रप्रस्थ कॉलोनी, रायपुरा
-
अरविंद गुप्ता (उम्र 56) – सिद्धार्थ चौक, टिकरापारा, रायपुर
-
विनय साधवानी (उम्र 30) – एमआईजी 426, दीनदयाल उपाध्याय नगर, रायपुर
आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। मामले की जांच और भी गहराई से की जा रही है, और पुलिस का मानना है कि इस गिरोह में और भी लोग शामिल हो सकते हैं।
पुलिस की अपील
पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे अपने बैंक खातों की जानकारी किसी के साथ साझा न करें और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत साइबर सेल को दें।
