रायपुर। “हम रहें या ना रहें कल, याद आएंगे ये पल इन भावनात्मक पंक्तियों के साथ कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय (केटीयू) के जनसंचार एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया विभाग में वर्ष 2025 के अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों को विदाई दी गई। यह अवसर यादगार रहा, जब जूनियर विद्यार्थियों ने अपने सीनियर्स के लिए प्रेम, सम्मान और शुभकामनाओं से भरा कार्यक्रम प्रस्तुत किया।
विदाई समारोह की शुरुआत विश्वविद्यालय के कुलसचिव सुनील शर्मा के प्रेरक संबोधन से हुई। उन्होंने कहा, “कोई भी संस्था केवल ईंट और रेत से नहीं बनती, बल्कि विद्यार्थियों से उसकी पहचान बनती है। आज का दिन आपके छात्र जीवन का अंतिम दिन नहीं, बल्कि नए जीवन की शुरुआत का पहला कदम है।”
जनसंचार विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. राजेन्द्र मोहंती ने छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा, “यह वह पड़ाव है जिससे हम सभी गुजर चुके हैं। विद्यार्थियों की सफलता में माता-पिता के बाद यदि कोई सबसे अधिक हर्षित होता है, तो वे उनके शिक्षक होते हैं।”
इलेक्ट्रॉनिक मीडिया विभागाध्यक्ष डॉ. नृपेन्द्र शर्मा ने विद्यार्थियों को जीवन में आने वाली चुनौतियों से न घबराने की सलाह दी। उन्होंने कहा, “जीवन में उतार-चढ़ाव आते रहते हैं, लेकिन यही अनुभव आगे चलकर सफलता की राह को प्रशस्त करते हैं।”
कार्यक्रम में विद्यार्थियों द्वारा रंगारंग प्रस्तुतियाँ दी गईं। बॉलीवुड गीतों पर नृत्य, संगीत कार्यक्रम और मजेदार प्रतियोगिताओं ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। जूनियर छात्रों ने बड़े उत्साह और सम्मान के साथ सीनियर्स को विदाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।
विदाई समारोह केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं था, बल्कि यह एक आत्मीय क्षण था — जहाँ भावनाएँ, यादें और सपनों की शुरुआत एकसाथ जुड़ीं।
