छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री कन्हैया अग्रवाल के नेतृत्व में पूर्व विधायक विकास उपाध्याय और वरिष्ठ कांग्रेस नेता पंकज शर्मा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजनों ने बुधवार को रायपुर स्थित आरटीओ कार्यालय का घेराव किया। यह प्रदर्शन प्रदेश में हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट को लेकर जारी अव्यवस्थाओं और वाहन मालिकों को हो रही परेशानियों के खिलाफ किया गया।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि प्रदेश में लगभग 40 लाख वाहनों में HSRP लगनी है, जिसमें केवल रायपुर जिले में ही 10 लाख से अधिक वाहनों में यह प्लेट लगाई जानी है। बावजूद इसके अब तक केवल 10 प्रतिशत कार्य ही पूरा हुआ है और बाकी वाहन मालिकों पर चालान की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
कांग्रेस नेताओं की प्रमुख मांगें:
-
नंबर प्लेट लगाने वाले सेंटरों पर शासकीय कर्मचारियों की नियमित ड्यूटी लगाई जाए।
-
कव्हर, ब्रैकेट की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगे।
-
समय पर नंबर प्लेट उपलब्ध कराई जाए।
-
वाहन मालिकों के साथ हो रहा दुर्व्यवहार रोका जाए।
-
चालानी कार्रवाई पर पूर्ण रोक लगे जब तक कार्य पूर्ण न हो।
भ्रष्टाचार और मनमानी के आरोप:
पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि,“नंबर प्लेट लगवाने के नाम पर जनता से पहले मोबाइल नंबर रजिस्ट्रेशन, फिर ऑनलाईन आवेदन और अब मनमानी वसूली की जा रही है। तत्काल नंबर प्लेट लगवाने के लिए 3000 से 5000 रुपए तक लिए जा रहे हैं। साथ ही, जीपीएस के नाम पर 5000-6000 रुपए, और रेडियम पट्टी की कीमतों में भी 10 गुना तक वसूली की जा रही है।”
उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि यह लूट-खसोट बंद नहीं हुई और जनता की समस्याओं का समाधान शीघ्र नहीं किया गया, तो कांग्रेसजन ट्रांसपोर्ट कमिश्नर के कार्यालय व निवास, और फिर परिवहन मंत्री के आवास का भी घेराव करेंगे।
प्रमुख उपस्थित लोग:
इस घेराव में कन्हैया अग्रवाल, विकास उपाध्याय, पंकज शर्मा के अलावा बीरगांव महापौर नंदलाल देवांगन, कमलाकांत शुक्ला, सोमेंद्र चटर्जी, दिलीप गुप्ता, अभिषेक ठाकुर, हर्षित जायसवाल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल रहे।
जनता की आवाज बनकर उठी कांग्रेस
“छत्तीसगढ़ की जनता को HSRP के नाम पर लूटा जा रहा है। यह मुख्यमंत्री के विभाग की गंभीर विफलता है।”
कन्हैया अग्रवाल, महामंत्री, छत्तीसगढ़ कांग्रेस
