छत्तीसगढ़ सरकार वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। यह बात समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने राजधानी के माना कैंप स्थित शासकीय नवीन वरिष्ठजन आश्रम के औचक निरीक्षण के दौरान कही।
निरीक्षण के दौरान मंत्री राजवाड़े ने आश्रम परिसर में निवासरत बुजुर्गों से आत्मीय संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और दैनिक आवश्यकताओं की जानकारी ली। उन्होंने बुजुर्गों से उनके अनुभव और सुझाव भी आमंत्रित किए और उन्हें सहानुभूतिपूर्वक विचार कर समाधान का आश्वासन दिया।
मुख्यमंत्री साय के नेतृत्व में वरिष्ठ नागरिकों को मिल रहा है सम्मान
मंत्री राजवाड़े ने कहा:“मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार बुजुर्गों को सम्मानजनक जीवन, सुरक्षा और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए संकल्पित है। सरकार इस दिशा में निरंतर कार्य कर रही है।”
स्वच्छता और व्यवस्था को लेकर दिए निर्देश
मंत्री ने आश्रम में साफ-सफाई की स्थिति पर विशेष ध्यान देते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्वच्छता मानकों का कड़ाई से पालन किया जाए और परिसर को साफ-सुथरा बनाए रखा जाए। साथ ही आश्रम के सभी निवासियों को आवश्यक स्वास्थ्य, भोजन और मनोरंजन की सुविधाएं नियमित रूप से मिलती रहें, इसका भी विशेष ध्यान रखने को कहा।
उपस्थित रहे अधिकारी और समिति सदस्य
निरीक्षण के दौरान समाज कल्याण विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, आश्रम प्रबंधन समिति के सदस्यगण तथा कर्मचारीगण भी उपस्थित थे। सभी ने आश्वासन दिया कि वरिष्ठजनों के लिए आश्रम की सुविधाओं को और बेहतर बनाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
