
रायपुर। छत्तीसगढ़ के पूर्व मंत्री और भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोलते हुए उनके हालिया बयानों को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि “राहुल गांधी कोई राजनीतिक पार्टी नहीं चला रहे हैं, बल्कि ऐसा प्रतीत होता है कि वे स्टड फार्म चला रहे हैं और घोड़ों की खेती कर रहे हैं।”
चंद्राकर ने व्यंग्य करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी का नाम बदलकर “स्टड फार्म गांधी परिवार प्राइवेट लिमिटेड” कर देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी की सक्रिय राजनीति में आने के बाद कांग्रेस का प्रदर्शन लगातार गिरता गया है, और वह पार्टी के लिए एक “लंगड़े घोड़े” साबित हुए हैं।
उन्होंने छत्तीसगढ़ की राजनीति पर निशाना साधते हुए कहा कि “यहाँ कांग्रेस के सभी घोड़े बीमार हो चुके हैं, और इन नेताओं को अब किसी स्टड फार्म या पशु देखरेख केंद्र में भर्ती कर देना चाहिए।” इसी क्रम में उन्होंने उद्योगपति मुकेश अंबानी द्वारा जामनगर में बनाए गए पशु कल्याण केंद्र ‘वनतारा’ का जिक्र करते हुए कहा कि “छत्तीसगढ़ के कांग्रेसियों को वहीं भेज देना चाहिए।”
इस बयान के बाद राजनीतिक हलकों में बहस छिड़ गई है। कांग्रेस की ओर से इस पर प्रतिक्रिया आना अभी बाकी है, लेकिन अजय चंद्राकर के इस बयानी हमले से राज्य की राजनीति में गर्माहट बढ़ गई है।
