Sunday, April 5, 2026
HomeRaipur policeरायपुर में कर्ज के नाम पर धमकी और जबरन वसूली करने वाला...

रायपुर में कर्ज के नाम पर धमकी और जबरन वसूली करने वाला सिंडीकेट बेनकाब, दिव्यांश तोमर गिरफ्तार – करोड़ों की संपत्ति जब्त

रायपुर। थाना तेलीबांधा में दर्ज गंभीर प्रकरण क्रमांक 332/25 धारा 296, 315(2), 351(2), 3(5) बी.एन.एस. के तहत फरार आरोपी रोहित सिंह तोमर के भाठागांव स्थित सांई विला में पुलिस ने छापेमारी कर करोड़ों की अवैध संपत्ति जब्त की है।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से:

  • ₹37,10,350/- नगद

  • 734 ग्राम सोने के जेवर

  • 125 ग्राम चांदी के जेवर

  • BMW (CG 04 LC 1111), थार (CG 04 PA 0017), ब्रेजा (CG 04 NS 1917) वाहन

  • CPU, iPad, लैपटॉप, चेकबुक, ATM कार्ड, DVR, ई-स्टांप

  • नोट गिनने की मशीन, रजिस्टर, जमीनों के दस्तावेज

  • 5 लोहे की तलवारें, 1 रिवाल्वर, 1 पिस्टल, जिंदा राउंड और कारतूस बरामद किए हैं।

धमकी और जबरन वसूली का खुलासा:

जांच के दौरान प्राप्त दस्तावेजों व गवाहों के बयान में खुलासा हुआ कि रोहित सिंह तोमर, विरेन्द्र सिंह तोमर, दिव्यांश तोमर और उनके परिवारजनों द्वारा कई लोगों को कर्ज देकर, उनसे कोरे चेक, स्टांप पेपर पर हस्ताक्षर करवा कर, उन्हें जान से मारने और जेल भेजने की धमकी देकर ब्याज की भारी वसूली की जा रही थी।

गवाह जयदीप बनर्जी, मनीष साहू और नासिर बख्श ने अपने बयान में बताया कि आरोपियों ने जबरन जमीन की रजिस्ट्री करवाई, कोरा चेक और स्टांप पर हस्ताक्षर लिए और कर्ज की राशि पर मनमाना ब्याज वसूला। यह वसूली उनके कर्मचारी योगेश, और परिवार की महिलाएं शुभ्रा तोमर व नेहा तोमर के खातों में होती थी।

संगठित अपराध का नेटवर्क:

रोहित, विरेन्द्र और दिव्यांश तोमर ने अपने रिश्तेदारों और साथियों के माध्यम से एक संगठित सिंडीकेट बनाकर, कर्ज में फंसाए लोगों से अवैध वसूली और संपत्तियों की जबरन रजिस्ट्री करवाई।

इनके खिलाफ थाना पुरानी बस्ती में एक और मामला अपराध क्रमांक 230/25 धारा 308(2), 111(1) भा.न्या.सं. तथा छत्तीसगढ़ ऋणियों का संरक्षण अधिनियम के तहत दर्ज किया गया है।

गिरफ्तारी और आगे की कार्रवाई:

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश व थाना प्रभारी पुरानी बस्ती की अगुवाई में दिव्यांश तोमर पिता अनिल तोमर उम्र 25 वर्ष, निवासी सांई विला भाठागांव को गिरफ्तार कर लिया गया है। बाकी आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।

वहीं, आरोपी वीरेन्द्र सिंह तोमर के विरुद्ध अलग से अपराध क्रमांक 229/25 धारा 25 आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular