Monday, April 6, 2026
Homeरायपुररायपुर शिवभक्ति में होगा लीन, 3 अगस्त को निकलेगी भव्य कावड़ यात्रा...

रायपुर शिवभक्ति में होगा लीन, 3 अगस्त को निकलेगी भव्य कावड़ यात्रा विधायक राजेश मूणत

रायपुर। राजधानी रायपुर एक बार फिर भोलेनाथ की भक्ति में लीन होने जा रही है। रायपुर पश्चिम विधायक राजेश मूणत के नेतृत्व में इस वर्ष भी 3 अगस्त, रविवार को भव्य कावड़ यात्रा का आयोजन किया जा रहा है, जिसकी तैयारियों को लेकर विधायक मूणत ने प्रेस वार्ता कर यात्रा के सभी प्रमुख बिंदुओं की जानकारी साझा की।

 “यह धार्मिक आयोजन, किसी राजनीतिक दल का नहीं – सभी सनातनी आमंत्रित”: राजेश मूणत

राजेश मूणत ने स्पष्ट किया कि यह कार्यक्रम पूर्णतः गैर-राजनैतिक और सांस्कृतिक स्वरूप का है। उन्होंने कहा, “यह आयोजन किसी एक दल का नहीं, बल्कि समस्त रायपुर और प्रदेश के सनातन धर्म प्रेमियों का है। यह शिवभक्ति और सामाजिक समरसता का उत्सव है।”

विधायक मूणत ने मीडिया के माध्यम से समस्त शिवभक्तों से 3 अगस्त को आयोजित होने वाली कावड़ यात्रा में शामिल होकर धर्म लाभ लेने की अपील की।

 7 पवित्र नदियों के जल से होगा बाबा हटकेश्वर नाथ का जलाभिषेक

यात्रा की शुरुआत प्रातः 9:30 बजे गुढ़ियारी स्थित हनुमान मंदिर से होगी। यहां से कांवड़ लेकर भक्तजन मुख्य मार्गों से होते हुए हटकेश्वर नाथ महादेव मंदिर, महादेव घाट पहुंचेंगे। इस दौरान 7 पवित्र नदियों के जल से महादेव का अभिषेक किया जाएगा।

 देशभर की सांस्कृतिक झांकियां होंगी आकर्षण का केंद्र

राजेश मूणत ने जानकारी दी कि इस वर्ष की यात्रा पहले से कहीं अधिक भव्य और सांस्कृतिक रूप से समृद्ध होगी। कावड़ यात्रा में देश के विभिन्न हिस्सों से आने वाले कलाकार विशेष प्रस्तुतियां देंगे:

  • दिल्ली: महाकाल अघोरी झांकी व बड़े नंदी के साथ विशेष प्रस्तुति

  • केरल: ट्रेडिशनल बैंड, फ्लावर गर्ल्स और कथककली नृत्य

  • उज्जैन (म.प्र.): बाबा महाकाल की सवारी टीम

  • उत्तर प्रदेश: अघोरी नृत्य, मां काली की जीवंत झांकी

  • उड़ीसा: संबलपुरी कलाकार बाहुबली-कटप्पा वेश में प्रस्तुति

  • छत्तीसगढ़: आदिवासी नृत्य, पंथी नृत्य, राउत नाचा

  • स्केटिंग रंगोली कलाकार द्वारा आकर्षक प्रदर्शन

  • चलित झांकी: भगवान भोलेनाथ और अन्य देवताओं की भव्य झांकियां

 101 स्वागत मंच, पुष्पवर्षा और आतिशबाज़ी

यात्रा मार्ग में 101 स्थानों पर विभिन्न सामाजिक और धार्मिक संगठनों द्वारा स्वागत मंच, पुष्पवर्षा, आतिशबाज़ी और प्रसाद वितरण की व्यवस्था की गई है। गणेश, दुर्गा समितियां व अन्य संगठन भी स्वागत में सहभागी होंगे।

 प्रमुख गणमान्य रहेंगे उपस्थित

कावड़ यात्रा में शामिल होने वालों में शामिल होंगे:

  • मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

  • पूर्व मुख्यमंत्री और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह

  • रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल

  • रायपुर जिले के सभी विधायक

  • सभी दलों के प्रतिनिधि और सामाजिक संगठन

सुरक्षा के व्यापक इंतजाम

मूणत ने बताया कि शासन-प्रशासन को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। पुलिस एवं सुरक्षा बलों की तैनाती के साथ यात्रा शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न होगी। “भोलेनाथ की कृपा और भक्तों के संयम से हर वर्ष यात्रा शांति से होती है,” उन्होंने कहा।

“मैं समस्त रायपुरवासियों, सनातन धर्म प्रेमियों, माताओं, बहनों, युवाओं से निवेदन करता हूँ कि इस पवित्र श्रावण मास में आयोजित कावड़ यात्रा में सम्मिलित होकर शिवभक्ति में सहभागी बनें और धर्म लाभ प्राप्त करें।” – राजेश मूणत

 तारीख: रविवार, 3 अगस्त 2025
 समय: प्रातः 9:30 बजे से
 स्थान: प्रारंभ – गुढ़ियारी हनुमान मंदिर → समापन – हटकेश्वर नाथ महादेव, महादेव घाट

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular