Monday, April 6, 2026
Homeछत्तीसगढ़नन प्रकरण में आमने-सामने छत्तीसगढ़ और केरल भाजपा, कांग्रेस ने उठाए सवाल...

नन प्रकरण में आमने-सामने छत्तीसगढ़ और केरल भाजपा, कांग्रेस ने उठाए सवाल विकास उपाध्याय का हमला

रायपुर । छत्तीसगढ़ में दो कैथोलिक ननों की गिरफ्तारी के मामले ने अब राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। इस प्रकरण में केरल और छत्तीसगढ़ भाजपा के रुख में भिन्नता सामने आने के बाद पूर्व विधायक और कांग्रेस नेता विकास उपाध्याय ने भाजपा पर तीखा हमला बोला है।

विकास उपाध्याय ने छत्तीसगढ़ सरकार और भाजपा नेताओं की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा, “यह स्पष्ट नहीं है कि कौन सच्चा है और कौन झूठा। केरल भाजपा इस कार्रवाई को गलत बता रही है, जबकि छत्तीसगढ़ भाजपा इसे धर्मांतरण और मानव तस्करी का मामला कह रही है।”

 महिला का बयान: जबरन दिलवाया गया बयान

प्रकरण में एक महिला का बयान सामने आया है, जिसमें उसने दावा किया है कि बजरंग दल के कार्यकर्ताओं द्वारा दबाव डालकर उसे ननों और एक आदिवासी युवक के खिलाफ बयान देने को मजबूर किया गया। महिला ने यह भी स्पष्ट किया कि वह अपनी और अपने परिजनों की इच्छा से उनके साथ काम पर जा रही थी।

भाजपा धर्म की आड़ में राजनीति कर रही है उपाध्याय

कांग्रेस नेता उपाध्याय ने कहा, “भाजपा लगातार धर्म के नाम पर गंदी राजनीति कर रही है। एक ओर गृहमंत्री अमित शाह कहते हैं कि वे रिहाई में मदद करेंगे और जमानत पर सरकार आपत्ति नहीं करेगी, वहीं दूसरी ओर भाजपा के स्थानीय नेता इस घटना पर विवादास्पद बयान दे रहे हैं।”

उन्होंने भाजपा सांसद बृजमोहन अग्रवाल के बयान को “शर्मनाक” बताते हुए कहा, “क्या छत्तीसगढ़ के लोग छत्तीसगढ़ के बाहर नहीं जाते? क्या स्वयं अग्रवाल जी और उनके परिवारजन कभी राज्य से बाहर नहीं गए? इस तरह की टिप्पणियां केवल राजनीतिक एजेंडे को साधने के लिए हैं।”

भाजपा का दोहरा चरित्र उजागर”

उपाध्याय ने आरोप लगाया कि नन प्रकरण से भाजपा का दोहरा चरित्र उजागर हो गया है। एक ओर गिरफ्तारी की कार्रवाई और दूसरी ओर केंद्र से रिहाई का आश्वासन – यह दोहरापन राजनीतिक अवसरवाद को दर्शाता है।

उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा की सरकार में छत्तीसगढ़ पुलिस की कार्यशैली पर लगातार प्रश्नचिह्न लगते रहे हैं, जिससे राज्य में अराजकता का माहौल बनता जा रहा है।

प्रकरण के मुख्य बिंदु:

  • दो कैथोलिक ननों की छत्तीसगढ़ में गिरफ्तारी, मानव तस्करी और धर्मांतरण के आरोप

  • केरल भाजपा ने गिरफ्तारी को गलत ठहराया, छत्तीसगढ़ भाजपा ने बताया ‘कार्रवाई’

  • महिला का बयान: जबरन दिलवाया गया बयान, ननों के साथ जाने की थी मर्जी

  • गृह मंत्री अमित शाह का आश्वासन: रिहाई में मदद, जमानत पर आपत्ति नहीं

  • विकास उपाध्याय का आरोप: “भाजपा छत्तीसगढ़ को अराजकता की ओर ले जा रही”

विपक्ष का सवाल: कौन है सच्चा, कौन झूठा?

विकास उपाध्याय ने समापन में कहा, “यह स्पष्ट होना चाहिए कि इस मामले में सच्चाई क्या है। यदि महिला का बयान सही है तो ननों की गिरफ्तारी न केवल गलत है बल्कि न्याय और धर्मनिरपेक्षता के सिद्धांतों का उल्लंघन है। भाजपा को स्पष्ट करना होगा कि आखिर उसका असली रुख क्या है।”

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular