Saturday, March 7, 2026
Homeधमतरीधमतरी : कांवड़ यात्रा में भीषण हादसा दो शिव भक्तों की मौत,...

धमतरी : कांवड़ यात्रा में भीषण हादसा दो शिव भक्तों की मौत, एक गंभीर रूप से घायल

धमतरी। सावन के पवित्र महीने के अंतिम सोमवार पर जहां पूरे प्रदेश में शिवभक्ति का उत्साह चरम पर है, वहीं धमतरी जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। अर्जुनी थाना क्षेत्र के देमार तेलिनसती गांव के पास एक अज्ञात वाहन ने कांवड़ यात्रा पर निकले शिव भक्तों को रौंद दिया। इस हादसे में दो कांवड़ियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया।

पीपरछेड़ी से रुद्रेश्वर महादेव जा रहे थे श्रद्धालु

मिली जानकारी के अनुसार, सभी कांवड़िए पीपरछेड़ी से जल लेकर रुद्रेश्वर महादेव मंदिर जा रहे थे। यात्रा के दौरान देमार तेलिनसती के पास अचानक एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घायल कांवड़िए को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया।

शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया, वाहन की तलाश जारी

पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, दुर्घटना के बाद से फरार अज्ञात वाहन की तलाश तेज कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और आसपास के लोगों से पूछताछ के जरिए जल्द ही वाहन और चालक की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।

श्रद्धालुओं में आक्रोश, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। श्रद्धालुओं और ग्रामीणों में हादसे को लेकर आक्रोश भी देखा गया, वहीं सावन जैसे विशेष अवसर पर सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर प्रशासन पर सवाल उठने लगे हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular