Saturday, March 7, 2026
HomeRaipur policeरायपुर में बड़ा हादसा : कुत्ते को बचाने के चक्कर में कार...

रायपुर में बड़ा हादसा : कुत्ते को बचाने के चक्कर में कार रेलिंग से टकराई, ड्राइवर की जान बाल-बाल बची

रायपुर। राजधानी रायपुर में शुक्रवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जब एक कार चालक ने सड़क पर अचानक आए कुत्ते को बचाने की कोशिश की। यह प्रयास इतना भारी पड़ा कि कार सड़क किनारे डिवाइडर की रेलिंग में घुस गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि कार के परखच्चे उड़ गए और रेलिंग टूटकर कार के भीतर जा समाई। हालांकि गनीमत रही कि कार चालक की जान बच गई।

हादसा तेलीबांधा थाना क्षेत्र के सामने हुआ, जब दुर्ग निवासी हरिवर सिंह अपनी तेज रफ्तार कार से दुर्ग लौट रहे थे। तड़के लगभग तीन बजे के आसपास जब वह तेलीबांधा से अवंतिविहार की ओर जा रहे थे, तभी सड़क पर अचानक कई स्ट्रीट डॉग आ गए। हरिवर ने उन्हें बचाने के लिए स्टेयरिंग घुमाई और अनियंत्रित होकर कार रेलिंग से जा टकराई।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का आगे का हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। रेलिंग कार के भीतर घुस गई, जिससे कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि, चालक को केवल हल्की चोटें आईं और समय रहते बाहर निकल जाने के कारण उसकी जान बच गई।

हादसे के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायल चालक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी गई। हादसे के वक्त सड़क पर अधिक ट्रैफिक नहीं होने के कारण एक बड़ी दुर्घटना टल गई।

इस घटना ने एक बार फिर से सड़कों पर घूम रहे आवारा पशुओं की समस्या को उजागर कर दिया है। राजधानी रायपुर समेत कई शहरों में आवारा कुत्ते और गायें सड़कों पर घूमती रहती हैं, जिससे आम जनता को आए दिन परेशानियों का सामना करना पड़ता है और कभी-कभी यह जानलेवा भी साबित हो सकता है।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि आवारा पशुओं पर नियंत्रण के लिए सख्त कदम उठाए जाएं ताकि भविष्य में ऐसे हादसों से बचा जा सके।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular