रायपुर। छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि नक्सलवाद अब अपने अंतिम चरण में है और इसे जड़ से खत्म करने के लिए समाज के सभी वर्गों का सक्रिय सहयोग जरूरी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में राज्य सरकार ने 31 मार्च 2026 तक नक्सलवाद के पूर्ण उन्मूलन का लक्ष्य तय किया है।
उपमुख्यमंत्री शर्मा ने यह बातें सुकमा जिले के कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित एक समीक्षा बैठक में कहीं। बैठक में जिले के व्यापारी संगठन, निर्माण एजेंसियां, सर्व आदिवासी समाज, जनजातीय मंच, बैंक अधिकारी, मोबाइल और मेडिकल दुकान संचालक समेत कई संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए।
विकास के साथ बढ़ रही है जनसहभागिता
बैठक को संबोधित करते हुए शर्मा ने कहा, “सुकमा की जनता अब विकास की राह पर आगे बढ़ रही है और गुमराह करने वाले तत्वों का प्रभाव खत्म हो रहा है।” उन्होंने यह भी कहा कि अंदरूनी इलाकों में विकास कार्यों में लोगों की बढ़ती भागीदारी इस बात का संकेत है कि जल्द ही शांति, सुरक्षा और विश्वास का माहौल पूरी तरह स्थापित होगा।
निर्माण कार्यों में स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता
उपमुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सड़क, पुल, भवन जैसे निर्माण कार्यों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ऐसे कार्यों में लगे कर्मचारियों को पूरी सुरक्षा प्रदान करेगी और इन कार्यों में स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता दी जाएगी, जिससे क्षेत्र की अर्थव्यवस्था मजबूत हो।
अवैध गतिविधियों पर सख्ती
शर्मा ने अवैध धर्मांतरण पर रोक लगाने और रोहिंग्या व बांग्लादेशी नागरिकों की घुसपैठ पर सख्त नियंत्रण के निर्देश भी अधिकारियों को दिए।
वन मंत्री ने उठाया स्वरोजगार और कुटीर उद्योगों का मुद्दा
बैठक में जिले के प्रभारी मंत्री व वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि सुकमा में लघु वनोपज की अपार संभावनाएं हैं, जिनके प्रसंस्करण से स्थानीय लोगों की आय बढ़ाई जा सकती है। उन्होंने स्व-सहायता समूहों, कौशल प्रशिक्षण और स्थानीय निविदाओं में प्राथमिकता पर जोर दिया।
बैठक में उपस्थित अधिकारी और प्रतिनिधि
इस अवसर पर राज्य महिला आयोग की सदस्य सुश्री दीपिका सोरी, जनप्रतिनिधि धनीराम बारसे, जिला पंचायत सदस्य हुंगाराम मरकाम, आईजी बस्तर सुंदरराज पी., डीआईजी कमलोचन कश्यप, एसपी किरण चव्हाण, पंचायत विभाग के सचिव भीम सिंह, आयुक्त डोमन सिंह समेत कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
सामूहिक प्रयास से बनेगा सुकमा नक्सलमुक्त
बैठक के समापन पर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि, “यह सामूहिक प्रयास ही सुकमा को नक्सलवाद मुक्त, सुरक्षित और समृद्ध बनाएगा। हमें विकास की गति बढ़ानी है और अंतिम छोर तक योजनाओं का लाभ पहुँचाना है।”
