रायपुर। राजधानी के पंडरी थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े हुए 15 लाख रुपये की लूट की वारदात ने शहर में सनसनी फैला दी है। बोरवेल पार्ट्स के कारोबारी चिराग जैन से लूट की इस घटना की जांच अब तेज़ कर दी गई है। क्राइम ब्रांच और स्थानीय पुलिस की 6 विशेष टीमों को जांच में लगाया गया है।
पुलिस अब तक शहर भर के 700 से अधिक CCTV कैमरों के फुटेज खंगाल चुकी है। इनमें कुछ संदिग्धों की तस्वीरें सामने आई हैं, जिनके आधार पर पुलिस तेजी से आगे बढ़ रही है।
रास्ता पूछने के बहाने की गई लूट
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चिराग जैन, जो सेक्टर-5, देवेंद्र नगर स्थित इंटरप्राइजेज के संचालक हैं, अपने मित्र प्रफुल्ल के साथ किसी कार्य से बाहर निकले थे। इसी दौरान तीन अज्ञात लुटेरों ने रास्ता पूछने के बहाने उन्हें रोका और मौका देखकर नकद रकम, सोने-चांदी के आभूषण लूटकर फरार हो गए।
पुलिस ने मामले में तीन अज्ञात लुटेरों के खिलाफ FIR दर्ज की है और लूट की धाराओं में अपराध क्रमांक पंजीबद्ध कर लिया गया है।
नाकेबंदी और तलाशी अभियान जारी
पुलिस ने शहर के मुख्य चौराहों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और सीमावर्ती क्षेत्रों में नाकेबंदी कर दी है। साथ ही कई स्थानों पर सघन तलाशी अभियान भी चलाया जा रहा है। कुछ स्थानों से संदिग्धों के फुटेज हाथ लगे हैं, जिनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
प्रार्थी के बयानों में अंतर, जांच में नया मोड़
सूत्रों के अनुसार, चिराग जैन द्वारा दिए गए बयानों में विरोधाभास पाया गया है। पुलिस उनके मित्र प्रफुल्ल से भी पूछताछ कर रही है। अफसरों का मानना है कि इस पहलू की जांच जरूरी है ताकि लूट की योजना और साजिश की पूरी परतें खुल सकें।
जल्द होंगे गिरफ्तारियां: पुलिस
पंडरी पुलिस का कहना है कि हमें कुछ ठोस सुराग मिले हैं। तकनीकी साक्ष्य और CCTV फुटेज के आधार पर जांच अंतिम चरण में है। बहुत जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
