रायपुर। महिला एवं बाल विकास एवं समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने आज बीरपुर स्थित अपने निज निवास पर राष्ट्रीय ध्वज फहराकर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में भाग लिया और राष्ट्र के प्रति अपनी श्रद्धा और प्रतिबद्धता व्यक्त की।
मंत्री राजवाड़े ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में शुरू हुआ यह अभियान आज करोड़ों भारतीयों को जोड़ने वाला एक सशक्त जन आंदोलन बन चुका है। यह केवल एक अभियान नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने वाला उत्सव है।
उन्होंने कहा कि तिरंगा हमें उन वीरों के बलिदान और साहस की याद दिलाता है जिन्होंने स्वतंत्र भारत का सपना देखा और उसे साकार किया। आज 140 करोड़ भारतीय मिलकर उसी सपने को विकसित, सशक्त और आत्मनिर्भर भारत के रूप में गढ़ रहे हैं।
मंत्री ने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों, कार्यालयों और प्रतिष्ठानों पर तिरंगा फहराकर इस राष्ट्रीय पर्व को गर्व, एकता और उत्साह के साथ मनाएं।
‘हर घर तिरंगा’ अभियान, आज़ादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत 13 से 15 अगस्त तक देशभर में मनाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य हर नागरिक में तिरंगे के प्रति सम्मान और जुड़ाव की भावना को सशक्त करना है।
