रायपुर। राजधानी रायपुर में रविवार सुबह महादेव घाट पुल के पास एक तेज रफ्तार हाइवा वाहन के खारून नदी में गिरने का मामला सामने आया है। दुर्ग से रायपुर की ओर आ रही हाइवा अचानक अनियंत्रित होकर पुल के पास से सीधे नदी में समा गई। हादसे के वक्त वाहन का एक बड़ा हिस्सा पानी में डूब गया, लेकिन गनीमत रही कि ड्राइवर तैरकर बाहर निकल आया।
मौके पर मची अफरा-तफरी
हादसे के बाद नदी किनारे मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। राहत की बात यह रही कि ड्राइवर को किसी तरह की गंभीर चोट नहीं आई और वह सुरक्षित बाहर आ गया। हादसे की जानकारी मिलते ही वहां बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए और डूबी हुई गाड़ी को देखने लगे।
पुलिस कर रही जांच
घटना की सूचना मिलने पर अमलेश्वर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। नदी में डूबी हाइवा को निकालने के प्रयास जारी हैं। फिलहाल यह जांच का विषय है कि वाहन आखिर कैसे अनियंत्रित हुआ। पुलिस हादसे के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
