बालको हॉस्पिटल एवं छत्तीसगढ़ पुलिस के संयुक्त तत्वाधान में रायपुर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा किया गया आयोजन
अमलीडीह स्थित पुलिस आवासीय परिसर के 1080 परिवारों की महिलाओं के लिए निःशुल्क सुविधा उपलब्ध कराई गई
पुलिस परिवार की लगभग 200 महिलाएं लाभान्वित हुईं
कैंसर से संबंधित पैप स्मीयर एवं मैमोग्राफी टेस्टिंग की गई
राज्य की एकमात्र अत्याधुनिक कैंसर टेस्टिंग वैन रही उपस्थित
आज दिनांक 19.04.2026 को छत्तीसगढ़ पुलिस एवं बालको मेडिकल सेंटर के संयुक्त तत्वावधान में पुलिस कमिश्नरेट रायपुर द्वारापुलिस परिवार की महिलाओं के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन अमलीडीह स्थित पुलिस कॉलोनी, रायपुर में किया गया। अमलीडीह पुलिस कॉलोनी में लगभग 1080 आवासों में पुलिस परिवार निवासरत हैं। शिविर का उद्देश्य महिलाओं के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना, आवश्यक जांच सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा गंभीर रोगों की समय पर पहचान सुनिश्चित करना रहा।
शिविर का शुभारंभ पुलिस महानिदेशक श्री अरुण देव गौतम की धर्मपत्नी एवं समाज सेविका , श्रीमती ज्योति गौतम तथा पुलिस कमिश्नर रायपुर डॉ. संजीव शुक्ला द्वारा किया गया। उन्होंने अपने उद्बोधन में महिलाओं के लिए नियमित स्वास्थ्य जांच, समय पर परामर्श एवं रोगों की प्रारंभिक पहचान के महत्व पर बल दिया। इस अवसर पर विशेषज्ञ के रूप में डॉ. भावना सिरोही (मेडिकल डायरेक्टर एवं वरिष्ठ कैंसर रोग विशेषज्ञ), मेडिकल टीम में डॉ. नीलिमा दास, डॉ. मनीष टावरी, डॉ. पायल पटेल एवं अन्य विशेषज्ञों ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं।
शिविर में लगभग 200 महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इनमें से 16 मरीजों को आगे की जांच एवं उपचार हेतु बालको मेडिकल सेंटर रेफर किया गया, जबकि 42 महिलाओं का चयन रिसर्च प्रॉस्पेक्ट हेतु किया गया तथा 13 महिलाओं को कैंसर जागरूकता परामर्श प्रदान किया गया।
जांच सुविधाओं के अंतर्गत पैप स्मीयर (10) एवं मैमोग्राफी (4) परीक्षण किए गए।
पूरे आयोजन में छत्तीसगढ़ पुलिस ऑफिसर्स वाइफ्स एसोसिएशन की सभी वरिष्ठ सदस्यों ने बढ़चढ़ का हिस्सा लिया एवं पुलिस पारिवारिक महिलाओं का मनोबल बढ़ाया , इस अवसर पर डॉ. अर्चना झा (अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त), सहायक पुलिस आयुक्त नंदनी ठाकुर, सीमा अहिरवार, निलेश द्विवेदी सहित अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।
शिविर की विशेष उपलब्धि के रूप में राज्य की एकमात्र अत्याधुनिक तकनीक से युक्त कैंसर टेस्टिंग वैन उपलब्ध रही, जिसके माध्यम से कैंसर संबंधी जांचें स्थल पर ही संभव हो सकीं।
यह आयोजन पुलिस परिवार की महिलाओं के स्वास्थ्य संरक्षण एवं कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों की समय पर पहचान को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध हुआ। भविष्य में भी ऐसे स्वास्थ्य शिविरों के आयोजन के प्रति प्रतिबद्धता व्यक्त की गई।
