Tuesday, June 30, 2026
HomeRaipur Newsअब तक 3559 नशेड़ी वाहन चालकों के विरुद्ध की गई है कार्यवाही

अब तक 3559 नशेड़ी वाहन चालकों के विरुद्ध की गई है कार्यवाही

27 जून की रात्रि को फंसे  47 नशेड़ी वाहन चालक
ड्रंक एंड ड्राइव कार्यवाही का
उद्देश्य सड़क दुर्घटना में कमी लाना , जान माल की रक्षा करना ,सड़क में चलते समय अनुशासन लाना है
रायपुर शहर में सुरक्षित एवं सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के अंतर्गत यातायात पुलिस द्वारा निरंतर विशेष अभियान चलाया जा रहा है।  पुलिस कमिश्नर और प्रभारी पुलिस उपायुक्त, यातायात एवं प्रोटोकॉल  के निर्देशानुसार शराब पीकर नशे की हालत में वाहन चलाने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही की जा रही है।
इसी क्रम में मोटर यान अधिनियम 1988 के प्रावधानों के तहत शराब के नशे में वाहन चलाने वाले चालकों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्यवाही की जा रही है। इस साल अब तक 3559 नशेड़ी वाहन चालकों के विरुद्ध कार्यवाही किया गया है।
इस अभियान के अंतर्गत दिनांक 27 जून 2026  शनिवार की रात्रि में शहर के 9 स्थानों तेलीबांधा चौक, पचपेड़ी नाका चौक, भांठागांव  चौक, टाटीबंध चौक, कालीबाड़ी चौक, जय स्तंभ चौक,भनपुरी चौक एवं पंडरी थाना के सामने पर श्रीमती सीमा अहिरवार सहायक पुलिस आयुक्त यातायात नेतृत्व में यातायात के अधिकारियों एवं जवानों की टीम बनाकर विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान शराब पीकर वाहन चलाते हुए कुल 47 वाहन चालकों में 29 कार, 04 मोटर सायकल,01 ई रिक्शा,07 टाटा एस एवं 06 ट्रक को पकड़ा गया, जिनके विरुद्ध चालान की कार्यवाही कर उन्हें माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।
यातायात पुलिस का यह अभियान किसी लक्ष्य को लेकर नहीं अपितु केवल सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने तथा नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लगातार जारी रहेगा। शराब पीकर वाहन चलाना न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि यह स्वयं तथा अन्य लोगों के जीवन के लिए गंभीर खतरा भी है।
यातायात पुलिस रायपुर सभी वाहन चालकों एवं नागरिकों से अपील करती है कि वे सड़क सुरक्षा के नियमों का पालन करें और जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाएं।
शराब पीकर वाहन न चलाएं
वाहन चलाते समय सीट बेल्ट एवं हेलमेट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें।
वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करें।
निर्धारित गति सीमा (Speed Limit) का पालन करें।
ट्रैफिक सिग्नल, संकेतक एवं पुलिस द्वारा दिए गए निर्देशों का पालन करें।
नाबालिगों को वाहन चलाने की अनुमति न दें।
वाहन चलाते समय धैर्य रखें और अन्य वाहन चालकों के प्रति संवेदनशील रहें।
यातायात पुलिस द्वारा शहर में सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए ऐसे विशेष अभियान आगे भी निरंतर चलाए जाएंगे, ताकि सुरक्षित, अनुशासित और जिम्मेदार यातायात संस्कृति विकसित की जा सके।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular