Saturday, July 4, 2026
HomeRaipur Newsड्रंक एंड ड्राइव के विरुद्ध यातायात पुलिस की लगातार कार्यवाही जारी, अब...

ड्रंक एंड ड्राइव के विरुद्ध यातायात पुलिस की लगातार कार्यवाही जारी, अब तक 3633 वाहन चालकों पर हुई कार्यवाही

शनिवार की रात्रि 39 वाहन चालक नशे में वाहन चलाते पकड़े गए

रायपुर शहर में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण, आम नागरिकों के जीवन एवं संपत्ति की सुरक्षा तथा यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित और अनुशासित बनाने के उद्देश्य से यातायात पुलिस कमिश्नरेट रायपुर द्वारा नशे की हालत में वाहन चलाने वाले चालकों के विरुद्ध विशेष अभियान लगातार चलाया जा रहा है।

इसी अभियान के तहत 01 जुलाई 2026 की रात्रि श्री सतीष कुमार ठाकुर सहायक पुलिस आयुक्त के नेतृत्व में यातायात पुलिस की टीम द्वारा शहर के 09 प्रमुख मार्गों, चौक-चौराहों एवं संवेदनशील स्थानों पर विशेष जांच अभियान संचालित किया गया। इस दौरान आधुनिक ब्रीथ एनालाइजर मशीनों की सहायता से वाहन चालकों की जांच की गई, जिसमें 27 कार,03 पिकअप,07 ट्रक/मेटाडोर,02 दोपहिया, कुल 39 वाहन चालक शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए। सभी के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार वैधानिक कार्यवाही की गई।

यातायात पुलिस द्वारा वर्षभर नियमित रूप से चलाए जा रहे इस अभियान के परिणामस्वरूप अब तक कुल 3633 नशे की हालत में वाहन चलाने वाले चालकों के विरुद्ध कार्यवाही की जा चुकी है। यह अभियान केवल चालानी कार्यवाही तक सीमित नहीं है, बल्कि लोगों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने का भी एक महत्वपूर्ण प्रयास है।

नशे की अवस्था में वाहन चलाना सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों में से एक है। ऐसी स्थिति में चालक की निर्णय क्षमता, प्रतिक्रिया समय तथा वाहन पर नियंत्रण प्रभावित हो जाता है, जिससे स्वयं के साथ-साथ अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं का जीवन भी गंभीर खतरे में पड़ जाता है। इसी कारण यातायात पुलिस द्वारा इस प्रकार के मामलों में शून्य सहनशीलता (Zero Tolerance) की नीति अपनाते हुए लगातार सघन कार्यवाही की जा रही है।

यातायात पुलिस कमिश्नरेट रायपुर आम नागरिकों से अपील करती है कि यदि उन्होंने शराब या किसी अन्य नशीले पदार्थ का सेवन किया है तो किसी भी परिस्थिति में वाहन न चलाएं। आवश्यकता होने पर सार्वजनिक परिवहन, टैक्सी अथवा परिवार के किसी अन्य सदस्य की सहायता लें। जिम्मेदार नागरिक बनकर यातायात नियमों का पालन करें तथा सुरक्षित एवं दुर्घटनामुक्त रायपुर के निर्माण में अपना सहयोग दें।

यातायात पुलिस का यह विशेष अभियान आगामी दिनों में भी लगातार जारी रहेगा तथा नशे की हालत में वाहन चलाने वालों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्यवाही की जाती रहेगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular