रायपुर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए संचालित पिंक पेट्रोल यूनिट के माध्यम से स्कूल एवं कॉलेजों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पिंक पेट्रोल यूनिट की तीनों जोन (सेंट्रल, नॉर्थ एवं वेस्ट) की टीमें अपने-अपने क्षेत्र के विभिन्न स्कूलों एवं कॉलेजों में प्रतिदिन विद्यालय लगने एवं छुट्टी होने के समय नियमित रूप से पेट्रोलिंग कर रही हैं। इस दौरान विद्यालय एवं महाविद्यालय परिसरों तथा उनके आसपास सतत निगरानी रखी जाती है, जिससे छात्र-छात्राएं स्वयं को सुरक्षित महसूस करें तथा उन्हें निर्भय एवं सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध हो सके।
पेट्रोलिंग के दौरान स्कूल एवं कॉलेजों के आसपास अनावश्यक रूप से खड़े होकर छात्राओं को असहज करने, भीड़ लगाने अथवा संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त युवकों को तत्काल वहां से हटाया जाता है। ऐसे व्यक्तियों की पहचान कर उन्हें भविष्य में विद्यालय एवं महाविद्यालय खुलने एवं छुट्टी के समय परिसर के आसपास अनावश्यक रूप से उपस्थित न होने की सख्त समझाइश दी जाती है। कुछ मामलों में सामाजिक उत्तरदायित्व का बोध कराने के उद्देश्य से उठक-बैठक कराकर चेतावनी भी दी गई, ताकि वे भविष्य में इस प्रकार की गतिविधियों से दूर रहें।
पिंक पेट्रोल यूनिट की नियमित उपस्थिति का सकारात्मक प्रभाव विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के वातावरण में स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। छात्र-छात्राओं में सुरक्षा की भावना सुदृढ़ हुई है तथा विद्यालय प्रबंधन एवं अभिभावकों द्वारा भी इस पहल की सराहना की जा रही है। विद्यालयों के आसपास पुलिस की नियमित मौजूदगी से अभिभावक अपने बच्चों की सुरक्षा के प्रति अधिक आश्वस्त एवं संतुष्ट महसूस कर रहे है।रायपुर पुलिस कमिश्नरेट का उद्देश्य केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि महिलाओं एवं बच्चों के लिए सुरक्षित, भयमुक्त एवं अनुकूल वातावरण तैयार करना भी है। इसी उद्देश्य के अनुरूप पिंक पेट्रोल यूनिट द्वारा निरंतर प्रभावी पेट्रोलिंग, जनजागरूकता एवं आवश्यकतानुसार वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।
नागरिकों से अपील- महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा से संबंधित किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। पुलिस आमजन की सुरक्षा एवं विश्वास बनाए रखने के लिए सदैव तत्पर एवं प्रतिबद्ध है।
