रायपुर: पब्लिक रिलेशन्स सोसाइटी ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजीत पाठक का सम्मान समारोह रायपुर चैप्टर द्वारा आयोजित किया गया। इस समारोह में रायपुर चैप्टर के चेयरमैन डॉ. शाहिद अली ने उन्हें सम्मान पत्र और राजकीय गमछा पहनाकर सम्मानित किया।
समारोह में सेक्रेटरी जनरल डॉ. पी. एल. के. मूर्ति का भी अभिनंदन किया गया। एन.आई.टी. के एलुमनाई हॉल में आयोजित इस कार्यक्रम में डॉ. अजीत पाठक ने युवाओं के सपनों को साकार करने में जनसंपर्क की महत्वपूर्ण भूमिका पर चर्चा की। उन्होंने छत्तीसगढ़ राज्य के विकास और लक्ष्यों की पूर्ति के लिए आगामी पब्लिक रिलेशन्स नेशनल कांफ्रेंस को सफल बनाने का आह्वान किया।
डॉ. पाठक ने बताया कि वह 20 वर्षों से इस क्षेत्र में प्रभावशाली नेतृत्व कर रहे हैं। उन्होंने माननीय विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह के द्वारा विमोचित नेशनल कांफ्रेंस के ब्रोशर की जानकारी भी साझा की।
डॉ. पी. एल. के. मूर्ति ने छत्तीसगढ़ में आगामी पब्लिक रिलेशन्स महाकुंभ के आयोजन को राज्य के विकास योजनाओं के लिए महत्वपूर्ण बताया और कहा कि लोगों में कार्यक्रम को लेकर उत्साह है।
इस अवसर पर रायपुर चैप्टर के अध्यक्ष डॉ. शाहिद अली ने राष्ट्रीय पदाधिकारियों को स्मृति चिन्ह भेंट किए। आभार प्रदर्शन का कार्य सचिव डॉ. कुमार सिंह तोप्पा ने किया। कार्यक्रम में रायपुर चैप्टर के सदस्य और कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
