जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए निर्मम हत्याकांड, जिसमें 26 निर्दोष नागरिकों की जान गई, के विरोध में आज रायपुर जिला हुसैनी सेना (RHS) द्वारा राजीव गांधी चौक, रायपुर में आतंकवादियों का पुतला दहन कर घटना का विरोध दर्ज किया गया। इस दौरान शहीदों की आत्मा की शांति हेतु मोमबत्तियाँ जलाकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष मोहम्मद आमिर, शहर अध्यक्ष मोहम्मद सुफी ओवैस, शहर कार्य अध्यक्ष अशफाक खान, एवं रायपुर उत्तर विधानसभा अध्यक्ष इसरार खान ने संयुक्त रूप से इस बर्बर कृत्य की तीव्र निंदा करते हुए कहा कि यह घटना देश को झकझोर देने वाली है, और इसकी जितनी भी निंदा की जाए वह कम है।
हुसैनी सेना के वरिष्ठ सदस्य एहतेशाम हुसैन और शेख अकरम ने बताया कि इस घटना से संपूर्ण देश एवं प्रदेश में शोक और रोष व्याप्त है। विशेष रूप से रायपुर के एक प्रतिष्ठित नागरिक की भी इस हमले में जान जाना अत्यंत दुखद है, जिसकी भरपाई असंभव है।
हुसैनी सेना ने भारत सरकार से अपील की है कि:
-
ऐसे आतंकी तत्वों की पहचान कर शीघ्र गिरफ्तारी की जाए।
-
देश की सुरक्षा व्यवस्था को और सशक्त किया जाए।
-
दोषियों को श्रीनगर के लाल चौक पर सार्वजनिक रूप से दंडित कर एक उदाहरण प्रस्तुत किया जाए।
-
आतंकवाद के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाए।
रायपुर जिला हुसैनी सेना ने स्पष्ट रूप से कहा है कि वे देश की एकता, अखंडता और अमन-चैन के लिए सदैव तत्पर रहेंगे, और ऐसे अमानवीय कृत्यों के खिलाफ उनका संघर्ष जारी रहेगा।
