रायपुर। कोरोना वायरस एक बार फिर दस्तक दे चुका है। छत्तीसगढ़ में इस साल का पहला कोरोना पॉजिटिव मरीज रायपुर में सामने आया है, जिससे स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। मामला सामने आने के बाद जिला प्रशासन और स्वास्थ्य अमला पूरी तरह सतर्क हो गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, लक्ष्मीनगर, पचपेड़ी नाका निवासी एक व्यक्ति को बीते दिनों सर्दी-खांसी की शिकायत पर अस्पताल ले जाया गया था। रूटीन चेकअप के दौरान मरीज में कोविड जैसे लक्षण पाए गए, जिसके बाद डॉक्टरों ने तत्काल उसका सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा। रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आने के बाद मरीज को तुरंत आइसोलेशन में भर्ती कर उपचार शुरू कर दिया गया है।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार, संक्रमित मरीज के संपर्क में आए लोगों की कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग की जा रही है और सतर्कता के सभी निर्देश जारी कर दिए गए हैं। जिला प्रशासन ने फिलहाल लॉकडाउन या कर्फ्यू जैसी कोई घोषणा नहीं की है, लेकिन स्थिति की निगरानी की जा रही है।
क्या फिर से लौटेगा कोविड का डर?
कोविड का यह मामला ऐसे समय पर सामने आया है जब देश के अन्य राज्यों में भी कोरोना संक्रमण के छिटपुट मामले रिपोर्ट हो रहे हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि वायरस की उपस्थिति अब एंडेमिक स्टेज में है, लेकिन लापरवाही भारी पड़ सकती है।
क्या लॉकडाउन संभव?
फिलहाल लॉकडाउन की कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन अगर केस बढ़ते हैं, तो कुछ सावधानियाँ और पाबंदियाँ लगाई जा सकती हैं। मास्क, सैनिटाइजर और सोशल डिस्टेंसिंग की सख्ती फिर लौट सकती है।
प्रशासन की अपील:
-
घबराएं नहीं, सतर्क रहें
-
लक्षण दिखें तो तुरंत जांच कराएं
-
कोरोना वैक्सीन की बूस्टर डोज़ जरूर लें
-
सार्वजनिक स्थानों पर मास्क का उपयोग करें
