रायपुर। थाना खरोरा क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 13 में रहने वाली पद्मा यादव (उम्र 60 वर्ष) की बेरहमी से हत्या करने के मामले में पुलिस ने चंद घंटों के भीतर दो सगे भाइयों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी राजू यादव (28) और जीवन यादव (24), मृतका के ही पड़ोसी हैं और हत्या का कारण जमीन विवाद और जादू-टोने का शक बताया जा रहा है।
वारदात का खुलासा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी श्याम यादव ने थाना खरोरा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनकी बुआ पद्मा यादव, घर के बाहर खून से लथपथ हालत में मृत मिलीं। घटनास्थल से पुलिस को खून लगा बड़ा बोल्डर पत्थर और टूटा हुआ डंडा बरामद हुआ। सिर, छाती और अंगों पर गहरी चोट के निशान थे।
जांच में हुआ बड़ा खुलासा
पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन में क्राइम ब्रांच, साइबर यूनिट और थाना खरोरा पुलिस की टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए वारदात के चश्मदीदों और पड़ोसियों से पूछताछ की। पूछताछ में सामने आया कि मृतका का पहले से राजू और जीवन यादव से विवाद चल रहा था। एक चश्मदीद ने राजू को घटना के दिन घटनास्थल से भागते हुए देखा था।
हत्या की वजह: अंधविश्वास और संपत्ति विवाद
पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने हत्या करना स्वीकार किया। उनका कहना था कि मृतका ने उनके दादा से सस्ती जमीन खरीदकर मकान बनाया था और वह जादू-टोना करती है, जिससे उनकी पत्नियों का गर्भपात हो गया — ऐसा उनका अंधविश्वास था। 24 मई को विवाद बढ़ने पर दोनों भाइयों ने नीलगिरी और बांस के डंडे से पद्मा यादव की पिटाई की और बाद में बोल्डर से सिर कुचलकर हत्या कर दी।
त्वरित कार्रवाई, आरोपियों को भेजा गया जेल
घटना के कुछ ही घंटों में पुलिस ने अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। आरोपियों के खिलाफ धारा 103(1) BNS के तहत मामला दर्ज किया गया है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी दीपक पासवान, इंस्पेक्टर परेश पांडे, तथा साइबर यूनिट और थाना खरोरा की संयुक्त टीम की सराहनीय भूमिका रही।
गिरफ्तार आरोपी:
-
राजू यादव, पिता स्व. नेतराम यादव, उम्र 28 वर्ष
-
जीवन यादव, पिता स्व. नेतराम यादव, उम्र 24 वर्ष
(दोनों निवासी वार्ड क्रमांक 13, थाना खरोरा, जिला रायपुर)
