रायपुर। डुमरतराई स्थित औषधि वाटिका के एक प्रतिष्ठान से लाखों रुपये की चोरी कर फरार हुआ आरोपी विजय कश्यप उर्फ गुड्डा (26 वर्ष) को रायपुर पुलिस ने चंद घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पूर्व में पीड़ित संजय आहूजा की एजेंसी में चालक के रूप में कार्यरत था और करीब 5 माह पूर्व काम छोड़ चुका था।
घटना 27 मई की रात की है, जब संजय आहूजा ने अपनी दुकान बंद कर घर लौटने के बाद पाया कि उसकी कार की चाबी और दुकान की चाबी गायब है। अगले दिन जब उन्होंने दुकान खोली तो केबिन में रखी 27 लाख रुपये की नगदी गायब मिली।
पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की। रायपुर के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना माना की संयुक्त टीम ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिरों की सहायता से आरोपी की पहचान की। जानकारी मिली कि आरोपी अपने गांव मलदा कला (थाना हसौद, जिला सक्ती) भाग गया है।
जिला जांजगीर-चांपा और सक्ती पुलिस के सहयोग से गांव में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में विजय कश्यप ने चोरी की बात कबूल की और बताया कि पैसे की आवश्यकता और पूर्व में एजेंसी में कार्य करने के कारण उसे नकदी की जानकारी थी।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की सम्पूर्ण रकम 27 लाख रुपये और घटना में प्रयुक्त एक दोपहिया वाहन (कुल अनुमानित कीमत ₹27.5 लाख) बरामद कर लिया है। आरोपी के खिलाफ थाना माना में अपराध क्रमांक 157/25 धारा 331(4), 305 बी.एन.एस. के तहत मामला दर्ज किया गया है।
इस कार्रवाई में थाना माना, एंटी क्राइम यूनिट, थाना बिर्रा व थाना हसौद की पुलिस टीमों ने अहम भूमिका निभाई।
