Sunday, April 5, 2026
Homeछत्तीसगढ़सांसद बृजमोहन अग्रवाल के नेतृत्व में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से...

सांसद बृजमोहन अग्रवाल के नेतृत्व में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात

रायपुर। रायपुर लोकसभा सांसद एवं वरिष्ठ भाजपा नेता बृजमोहन अग्रवाल के नेतृत्व में रायपुर गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष सरदार सुरेंद्र सिंह छाबड़ा और समिति के अन्य सदस्यों ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी पर्व के पावन अवसर पर रायपुर से विशेष सिमरन यात्रा ट्रेन चलाने की मांग की।

सिख समाज प्रत्येक वर्ष 24-25 नवंबर को गुरु तेग बहादुर जी का शहीदी पर्व श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाता है। इस वर्ष 25 नवंबर 2025 को यह पर्व 350वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है, जिसे लेकर सिख समाज देश और विदेश में भव्य आयोजन की तैयारियों में जुटा है।

इस ऐतिहासिक अवसर पर छत्तीसगढ़ से लगभग 1000 श्रद्धालुओं की “दर्शन-सिमरन यात्रा” 13 नवंबर से रायपुर से प्रारंभ होकर नांदेड़ साहिब, आनंदपुर साहिब, दमदमा साहिब, अमृतसर साहिब, दिल्ली गुरुद्वारा सीस गंज साहिब, पटना साहिब, घुबरी साहिब (असम) सहित विभिन्न पवित्र स्थलों तक जाएगी। श्रद्धालु 25 नवंबर को घुबरी साहिब में आयोजित शहीदी पर्व समारोह में सम्मिलित होकर 27 नवंबर को रायपुर लौटेंगे।

इस धार्मिक यात्रा के लिए विशेष रेलगाड़ी की आवश्यकता को देखते हुए सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि यह श्रद्धालुओं की आस्था और सम्मान से जुड़ा विषय है, जिसे रेलवे मंत्रालय गंभीरता से ले। उन्होंने केंद्रीय मंत्री से आग्रह किया कि इस यात्रा के लिए शीघ्र विशेष ट्रेन की स्वीकृति दी जाए।

सांसद अग्रवाल ने बताया कि रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सिख समाज की भावनाओं को सकारात्मक रूप से स्वीकार किया है और इस विषय पर शीघ्र निर्णय लेने का आश्वासन दिया है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular