Friday, April 10, 2026
HomeUncategorizedधमतरी: छत्तीसगढ़िया ओलंपिक 06 अक्टूबर से

धमतरी: छत्तीसगढ़िया ओलंपिक 06 अक्टूबर से

राजीव युवा मितान क्लब स्तर पर इच्छुक करा सकते हैं पंजीयन

राज्य शासन की मंशा अनुरूप आगामी 06 अक्टूबर से छत्तीसगढ़ की पारंपरिक खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने छत्तीसगढ़िया ओलंपिक 2022-23 का आयोजन किया जाएगा। इसके मद्देनजर कलेक्टर श्री पी.एस.एल्मा ने खेल विभाग को आवश्यक तैयारियां करने के निर्देश दिए। साथ ही ग्रामीण और नगरीय क्षेत्रों में आयोजित होने वाले खेलों के लिए संबंधित अधिकारियों को व्यवस्था सुनिश्चित करने कहा। राजीव युवा मितान क्लब स्तर पर 06 अक्टूबर से 11 अक्टूबर तक पहले स्तर की प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। इसके लिए इच्छुक प्रतिभागी पंजीयन करा सकते हैं। इसके लिए उन्हें पहचान पत्र जैसे आधार कार्ड अथवा वोटर आईडी इत्यादि प्रस्तुत करना होगा। कलेक्टर श्री एल्मा ने इसकी जानकारी लोगों को उपलब्ध कराने हेतु जनपद पंचायतों में एक-एक व्यक्ति की ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए हैं।
इसके बाद जोन स्तर पर 15 अक्टूबर से 20 अक्टूबर तक प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। ज्ञात हो कि आठ क्लब को मिलाकर एक जोन होगा। विकासखण्ड/नगरीय क्लस्टर स्तर पर प्रतियोगिताएं 27 अक्टूबर से 10 नवम्बर तक आयोजित की जाएंगी। विकासखण्ड और नगरीय स्तर पर विजेता खिलाड़ी जिला स्तर पर 17 नवम्बर से 26 नवम्बर तक आयोजित होने वाली प्रतियोगिताओं में शामिल होंगे। इसके बाद यहां के विजेता संभाग स्तर पर 05 दिसम्बर से 14 दिसम्बर तक आयोजित छत्तीसगढ़िया ओलंपिक में हिस्सा लेंगे। राज्य स्तर पर छठवां स्तर का छत्तीसगढ़िया ओलंपिक 28 दिसम्बर 2022 से 06 जनवरी 2023 तक खेला जाएगा।
गौरतलब है कि छत्तीसगढ़िया ओलंपिक में छत्तीसगढ़ के पारंपरिक 14 खेल विधाओं में प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इन खेल विधाओं में गिल्ली डंडा, पिट्टूल, संखली, लंगड़ी दौड़, कबड्डी, खो-खो, रस्साकसी, बाटी (कंचा), बिल्लस, फुगड़ी, गेड़ी दौड़, भंवरा, 100 मीटर दौड़ और लम्बी कूद की प्रतियोगिताएं तीन आयु वर्ग में आयोजित की जानी है। इसमें 18 वर्ष तक, 18 से 40 और 40 वर्ष से अधिक उम्र की महिला एवं पुरूष प्रतिभागी हिस्सा ले सकेंगे। प्रतियोगिताएं नॉक आउट पद्धति से आयोजित की जाएंगी। कलेक्टर श्री एल्मा ने ज़िले में आयोजित होने वाले छत्तीसगढ़िया ओलंपिक को प्रदेश के मुखिया श्री भूपेश बघेल की मंशा के हिसाब से पूरे उत्साह और उमंग के साथ आयोजित करने और लोक खेलों के खिलाड़ियों को बढ़-चढ़कर सम्मिलित करने प्रोत्साहित करने पर जोर दिया है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular