भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता देवलाल ठाकुर ने सुशासन तिहार के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा जुनवानी-चिखली सड़क निर्माण के लिए 11.47 करोड़ रुपये की स्वीकृति की घोषणा पर गहरी प्रसन्नता और आभार व्यक्त किया है। ठाकुर ने कहा कि यह निर्णय न केवल दो विकासखंडों की दूरी को कम करेगा, बल्कि आदिवासी समाज सहित समस्त ग्रामीण जनता के लिए विकास का द्वार भी खोलेगा।
दूरी घटेगी, विकास बढ़ेगा
ठाकुर के अनुसार, वर्तमान में यह सड़क मार्ग लगभग 30 किलोमीटर लंबा है, लेकिन इस निर्माण के पश्चात यह दूरी सिर्फ 4 किलोमीटर रह जाएगी। इससे इलाज, शिक्षा, और प्रशासनिक पहुंच जैसी मूलभूत सेवाएं अब आसानी से सुलभ होंगी।
पुराने प्रयास अब फलीभूत
देवलाल ठाकुर ने बताया कि इस मार्ग के निर्माण के लिए वर्षों से प्रयास किए जा रहे थे। उनके जिला पंचायत अध्यक्षीय कार्यकाल में भी इस सड़क के लिए 84 लाख रुपए की स्वीकृति मिली थी, लेकिन तकनीकी कारणों से कार्य प्रारंभ नहीं हो पाया था। अब मुख्यमंत्री साय के मार्गदर्शन में यह सपना साकार हो रहा है।“भाजपा ने जिस छत्तीसगढ़ को राज्य का दर्जा दिया, उसे सँवारने का काम भी भाजपा ही करेगी,” देवलाल ठाकुर, प्रदेश प्रवक्ता, भाजपा
‘विष्णु का सुशासन’: दूरियाँ नहीं दिलों की नजदीकियाँ
ठाकुर ने मुख्यमंत्री साय के सुशासन की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह फैसला “विष्णु का सुशासन” है जो केवल सड़क की दूरी नहीं, बल्कि जनता और सरकार के बीच की दूरी भी कम कर रहा है। उन्होंने कहा कि यह निर्णय डौंडीलोहारा विधानसभा क्षेत्र के लोगों के जीवन में यथार्थिक परिवर्तन लेकर आएगा।
